अग्निहोत्र का महत्व
‘अग्निहोत्र’ शब्द ‘अग्नि’ और ‘होत्र’—इन दो शब्दों से मिलकर बना है। इसका अर्थ है—अग्नि में विभिन्न हव्य पदार्थों को विधिपूर्वक डालना या प्रक्षेप करना। केवल अग्नि में किसी वस्तु को जला देना अग्निहोत्र नहीं कहलाता, बल्कि विधिपूर्वक उसका होम करना आवश्यक है।
‘रघुवंश’ महाकाव्य में रघुवंशी राजाओं की विजय का रहस्य “यथाविधि हुताग्नीनां” (विधिपूर्वक अग्नि में आहुति देना) बताया गया है। भारतवर्ष में अग्निहोत्र की परंपरा हज़ारों साल पुरानी है। अग्नि के इस महत्त्व को पूरे विश्व ने स्वीकारा है और इसीलिए विश्व के विभिन्न संप्रदायों में अग्नि की उपासना की बात कही गई है; जैसे—पारसी धर्म में भी अग्नि पूजा होती है।
अग्निहोत्र के अंतर्गत अग्नि में विभिन्न औषधियों, घी तथा धान्य आदि पदार्थों का हवन किया जाता है।
यदि इसकी विधि और प्रभाव को सही ढंग से देखें, तो यह मुख्य रूप से चार स्तंभों पर टिका है—अग्नि, मंत्र, धूप और भस्म। इन चारों का उचित समय पर योग्य उपयोग समग्र ब्रह्मांड एवं वातावरण को सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है:
प्रथम स्तंभ (अग्नि): इसमें गाय के गोबर के कंडे (उपले) पर अग्नि प्रज्वलित करनी होती है, जिसे ‘छोटा यज्ञ’ भी कहते हैं। यज्ञ का शास्त्रीय एवं वैज्ञानिक, दोनों दृष्टियों से महत्त्व है। आधुनिक विज्ञान के अनुसार, इससे वातावरण में फॉर्मेल्डिहाइड (Formaldehyde) जैसे तत्त्व मुक्त होते हैं, जिससे अग्नि तत्त्व का प्रभाव यानी ऊर्जा (Energy) बढ़ती है। वातावरण में इस ऊर्जा के उत्पन्न होने से बहुत सात्त्विक प्रभाव पड़ता है।
द्वितीय स्तंभ (मंत्र): मंत्र विशिष्ट प्रकार की ध्वनि तरंगें हैं। मंत्रों का असर केवल चेतन मन (Conscious mind) पर ही नहीं, अपितु अवचेतन (Subconscious), अचेतन (Unconscious) मन और चित्त पर भी होता है। मंत्र-उच्चारण से वातावरण पवित्र होता है, जिससे बच्चों का ऊर्जा स्तर बढ़ जाता है और यह उनके विकास में बहुत सहायक सिद्ध होता है।
तृतीय स्तंभ (भस्म): अग्निहोत्र की भस्म लगाने या इसका सेवन करने से बहुत लाभ होता है। कई रोगों में औषधीय उपयोग के लिए यह भस्म अत्यंत लाभकारी है। इस भस्म में जीवाणुरोधी (Anti-bacterial) एवं विषाणुरोधी (Anti-viral) गुण पाए जाते हैं।
चतुर्थ स्तंभ (धूप): अग्निहोत्र के पश्चात् जो अवशेष बचता है, उसमें विभिन्न औषधीय द्रव्य डालकर जो धूप (धुआँ) उत्पन्न किया जाता है, उसका विशेष औषधीय महत्त्व है। धूपन कर्म (धूप चिकित्सा) एवं अरोमाथेरेपी (Aromatherapy) आज पूरे विश्व में प्रचलित हैं। आयुर्वेद के प्राचीनतम ग्रंथ ‘काश्यप संहिता’ में धूपन का बहुत महत्त्व बताया गया है।
आधुनिक विज्ञान और आयुर्वेद के ग्रंथों के अनुसार, इस औषधीय धुएं के कण (Particles) बहुत सूक्ष्म होते हैं। यह धुआँ त्वचा के सूक्ष्म छिद्रों के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है और अत्यधिक लाभ पहुँचाता है। यह विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बालकों के शरीर की रक्षा करता है। औषधियों की सुगंध से मन में प्रसन्नता उत्पन्न होती है; इसलिए छोटे और बड़े, सभी के लिए यह धूप अत्यंत लाभदायक एवं आवश्यक है।